
मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 2000 के दशक की मशहूर पॉप आइकन शेफ़ाली ज़रीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। मात्र 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हो गया।
अचानक बिगड़ी तबीयत, हॉस्पिटल पहुंचने से पहले हो गई मौत
27 जून की सुबह, शेफ़ाली ज़रीवाला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनके पति पराग त्यागी और कुछ करीबी लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
‘कांटा लगा’ से मिली रातों-रात शोहरत
शेफ़ाली ज़रीवाला को पॉपुलैरिटी मिली 2002 में आए सुपरहिट म्यूज़िक वीडियो ‘कांटा लगा’ से। ये गाना 1972 की फ़िल्म ‘समाधि’ के मशहूर ट्रैक का रीमिक्स था, जिसमें शेफ़ाली की बोल्ड परफॉर्मेंस ने उन्हें घर-घर में चर्चित बना दिया था। उस वक्त वो सिर्फ एक कॉलेज गर्ल थीं और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं।
उनका लुक, स्टाइल और डांस मूव्स ने उन्हें एक नई पहचान दी। हालांकि उस वीडियो को लेकर उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा, लेकिन शेफ़ाली ने अपने आत्मविश्वास से ट्रोल्स को जवाब दिया।
फिल्मों से टीवी तक का सफर
शेफ़ाली ज़रीवाला ने फिल्मों में ज्यादा काम नहीं किया। वो 2004 में सलमान खान और अक्षय कुमार की फ़िल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में नजर आई थीं और फिर 2011 में एक कन्नड़ फिल्म में भी दिखीं।
हालांकि, टेलीविजन पर उन्होंने अच्छी पहचान बनाई। डांस रियलिटी शो बूगी वूगी, नच बलिए सीजन 5 और 7, और सबसे प्रमुख रूप से बिग बॉस 13 में उनकी मौजूदगी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
2024 में शेफ़ाली ने टीवी शो ‘शैतानी रस्में’ में भी अभिनय किया था, जिसमें उन्होंने कपालिका नाम का दमदार किरदार निभाया।
पर्सनल लाइफ: दो शादियां, पर कोई संतान नहीं
शेफ़ाली की निजी ज़िंदगी भी काफी सुर्खियों में रही। 2004 में उन्होंने म्यूज़िक डायरेक्टर हरमीत सिंह (मीत ब्रदर्स) से शादी की थी। लेकिन ये रिश्ता 2009 में तलाक के साथ खत्म हो गया। इस दौरान काफी विवाद भी सामने आए, यहां तक कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया।
इसके बाद 2015 में शेफ़ाली ने टीवी एक्टर पराग त्यागी से दूसरी शादी की। दोनों की कोई संतान नहीं थी, लेकिन सोशल मीडिया पर ये जोड़ी अक्सर अपनी तस्वीरों और वीडियो के चलते चर्चा में रहती थी।
शेफ़ाली ज़रीवाला के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर
शेफ़ाली के निधन की खबर से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में गम का माहौल है। फैंस और सेलेब्स सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक जता रहे हैं। शेफ़ाली भले ही बहुत ज्यादा प्रोजेक्ट्स में नहीं दिखीं, लेकिन ‘कांटा लगा’ के ज़रिए उन्होंने जो छाप छोड़ी, वो अमर हो चुकी है।